पटना (PATNA): बिहार बंद का व्यापक असर रेल यातायात पर भी पड़ा है. पूर्व मध्य रेलवे (पूमरे) ने बुधावर को इसकी जानकारी दी. रेलवे अधिकारियों ने बताया कि राज्य भर के 17 अलग-अलग स्टेशनों पर प्रदर्शनकारियों द्वारा ट्रेनों को कुछ समय के लिए रोका गया. हालांकि इस दौरान कहीं भी हिंसा या तोड़फोड़ नहीं हुई. पूर्व मध्य रेलवे ने प्रेस विज्ञाप्ति जारी कर बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और परिचालन सामान्य हो गया है.
बिहार बंद के दौरान विभिन्न स्टेशनों पर प्रदर्शनकारियों ने ट्रेनों को रोका, जिनमें समस्तीपुर मंडल के नरपतगंज स्टेशन पर गाड़ी संख्या 13211 को सुबह 06.00 बजे से 06.02 तक रोका गया. इसी तरह दरभंगा स्टेशन पर 06.10 बजे से 06.23 तक इसे प्रदर्शनकारियों ने रोके रखा. दानापुर मंडल अन्तर्गत बिहियां स्टेशन पर गांड़ी संख्या 12392 को सुबह 05.50 से लेकर 06.05 तक और गाड़ी संख्या 12333 को इसी स्टेशन पर सुबह 06.13 से 06.23 बजे तक रोक कर धरना दिया गया.
मधुबनी में प्रदर्शनकारियों ने गाड़ी को रोका
दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) रेल मंडल के अन्तर्गत गाड़ी संख्या 12333 को सुबह 06.10 से 06.20 बजे तक बिहार बंद के दौरान रोका गया. समस्तीपुर रेलमंडल अन्तर्गत दौरम स्टेशन (मधेपुरा) के पास गाड़ी संख्या 75258 को सुबह 07.10 से 07.15 बजे तक इंजन के समक्ष प्रदर्शन किया गया. समस्तीपुर रेलमंडल के ही मधुबनी में प्रदर्शनकारियों ने गाड़ी संख्या 14673 के पास इंजन के समक्ष विरोध प्रदर्शन 08.05 से 08.20 बजे तक किया.
समस्तीपुर रेल मंडल के दरभंगा जंक्शन पर भी हड़कंप
समस्तीपुर रेल मंडल के दरभंगा जंक्शन पर गाड़ी संख्या 12565 के सामने झंडा-बैनर के साथ नारेबाजी की गई, जिसकी वजह से यह ट्रेन 07.57 से 08.18 तक प्रभावित हुई. दानापुर रेलमंडल के आरा जंक्शन पर सुबह 08.15 से 09.10 बजे के मध्य 12565 सर्कुलेटिंग एरिया में झंडा बैनर के साथ 100 की संख्या में प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की. समस्तीपर मंडल के थेरेबिटिया में गाड़ी संख्या 63378 को 07.33 07.50 बजे तक 15 से 20 लोगों ने इंजन के समक्ष प्रदर्शन किया.
सचिवालय स्टेशन के पास 80 से 100 लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन
समस्तीपुर मंडल के परसा-बरियारी के पास भी गाड़ी संख्या 63379 को 20 की संख्या में प्रदर्शनकारियों ने 08.48 से 09.08 बजे तक रोक कर रखा. दानापुर मंडल के झाझा स्टेशन पर 30 से 40 प्रदर्शनकारियों ने स्टेशन पर प्रदर्शन किया. इसी तरह समस्तीपुर मंडल के जयनगर स्टेशन पर 30 से 40 लोगों ने नारेबाजी की. सोनपुर रेलमंडल के खगड़िया स्टेशन पर 10.30 से 10.50 बजे तक 7 से 8 लोगों ने सर्कुलेटिंग एरिया में झंडा बैनर के साथ प्रदर्शन किया. उक्त बंदी के दौरान अभी तक कहीं भी रेल परिक्षेत्र में तोड़-फोड़, आगजनी या अन्य किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है.